


भागलपुर: जगदीशपुर थाना परिसर में नवनिर्मित महिला सिपाही बैरक का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने फीता काटकर बैरक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की उपस्थिति में उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सिटी एसपी अतुलेश झा, पुलिस पदाधिकारी नवनीत कुमार, जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह सहित जिले के कई पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने बैरक का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस मौके पर एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में उनके लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। नवनिर्मित महिला सिपाही बैरक से महिला जवानों को बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे वे अधिक दक्षता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस बैरक के निर्माण से महिला पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों में वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरक की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
















