


कमरे में खून से लथपथ मिला शव, परिजनों ने ठेकेदार को बुलाने तक शव उठाने से किया इनकार
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव स्थित निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में ठेकेदार के मुंशी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान ब्रजेश कुमार यादव (34) के रूप में हुई है। वह भागलपुर जिले के कदवा थाना क्षेत्र के आश्रम टोला कदवा निवासी नित्यानंद यादव के पुत्र थे। ब्रजेश पिछले करीब दो वर्षों से निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में गार्ड के रूप में कार्यरत थे और निर्माण कार्य की देखरेख भी करते थे।
रात में मजदूरों के साथ खाना खाकर सोए, सुबह कमरे में मिला शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात ब्रजेश कुमार यादव ने निर्माण कार्य में लगे तीन मजदूरों के साथ भोजन किया। इसके बाद वह भवन परिसर के एक कमरे में सोने चले गए। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। जब लोगों ने दरवाजे के पास खून रिसता देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखने पर ब्रजेश का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
मृतक के गले, सिर और पैर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। आशंका है कि बदमाशों ने सोते समय धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना परबत्ता थाना पुलिस को मिली। इसके बाद थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। बाद में पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनिकेत अमर भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों एवं मजदूरों से पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक निर्माण कार्य के ठेकेदार घटनास्थल पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया जाएगा। उनका आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
हर पहलू पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मजदूरों से पूछताछ तथा तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद जमुनिया गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी जल्द से जल्द हत्या का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
















