


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष महाअभियान ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र से एक आरोपी को 263 ग्राम ब्राउन शुगर एवं 12.100 किलोग्राम अर्धनिर्मित ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के काड़ी कादो गांव में मो. रब्बानी अपने मुर्गी फार्म की आड़ में अवैध मादक पदार्थों का संग्रह और खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कहलगांव-02 और शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुर्गी फार्म पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 263 ग्राम ब्राउन शुगर, 12.100 किलोग्राम अर्धनिर्मित ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री, तीन डिजिटल वेट मशीन, तीन मोबाइल फोन, 100 प्लास्टिक की पैकिंग पन्नियां तथा एक पन्नी सील करने वाली मशीन बरामद की।
मौके से पुलिस ने मो. रब्बानी (पिता- मो. मीर तैयब), निवासी काड़ी कादो, थाना शिवनारायणपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान:
263 ग्राम ब्राउन शुगर
12.100 किलोग्राम अर्धनिर्मित ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री
3 डिजिटल वेट मशीन
3 मोबाइल फोन
100 प्लास्टिक पैकिंग पन्नियां
1 पन्नी सील करने वाली मशीन
















