


नवगछिया। लॉटरी का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में नवगछिया पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी साइबर थाना में दर्ज कांड के अनुसंधान के दौरान की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 दिसंबर 2025 को वादी अखिलेश कुमार रजक ने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गौतम कुमार एवं उसके दो अन्य सहयोगियों ने उन्हें लॉटरी लगने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन का उपयोग कर बैंक खाते से राशि की निकासी कर ली तथा कुछ नकद रुपये भी ठग लिए।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले का अनुसंधान शुरू किया गया। तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कांड के एक आरोपी विवेक कुमार, निवासी गौरीपुर, थाना बिहपुर, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि लॉटरी, इनाम या आकर्षक ऑफर के नाम पर आने वाले किसी भी कॉल, संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा करने से बचें, ताकि साइबर ठगी से सुरक्षित रहा जा सके।















