


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिले में अनुकूल मौसम और कृषि विभाग की तैयारियों के बीच खरीफ खेती ने रफ्तार पकड़ ली है। धान का बिचड़ा पूरी तरह तैयार होने के बाद किसान तेजी से रोपनी में जुट गए हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक 16,369 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 28 प्रतिशत है। वहीं मक्का की बुआई लगभग पूरी हो चुकी है और 98 प्रतिशत क्षेत्र में आच्छादन हासिल कर लिया गया है।
कृषि विभाग का कहना है कि मौसम का साथ मिलने से धान रोपनी की गति लगातार बढ़ रही है। यदि यही रफ्तार बनी रही तो आने वाले दिनों में रोपनी का लक्ष्य समय पर पूरा होने के साथ बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी मजबूत होगी।
मक्का की खेती में जिले ने लगभग लक्ष्य हासिल कर लिया है। समय पर बुआई होने से इस बार किसानों को अच्छी पैदावार मिलने की संभावना जताई जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार खरीफ सीजन की शुरुआत सकारात्मक रही है।
इधर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में भी पहल तेज हुई है। कतरनी धान के लिए 375 एकड़ में बिचड़ा तैयार किया गया है, हालांकि इसकी रोपनी अभी शुरू नहीं हुई है। कृषि सखी और ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। चयन पूरा होने के बाद किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
बीज वितरण अभियान भी निर्धारित लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। 350 क्विंटल बीज वितरण के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 313 क्विंटल गुणवत्तापूर्ण बीज किसानों के बीच वितरित किए जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि शेष बीज भी जल्द किसानों तक पहुंचा दिए जाएंगे।
कृषि विभाग के अनुसार अनुकूल मौसम, समय पर बीज उपलब्धता और विभागीय सहयोग के कारण जिले में खरीफ खेती सुचारु रूप से आगे बढ़ रही है, जिससे इस सीजन में बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ गई है।
















