


कटिहार:
पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शून्यकाल में कटिहार स्थित दर्शन साह महाविद्यालय की मूलभूत समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में चहारदीवारी नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों एवं आवारा पशुओं का परिसर में लगातार प्रवेश हो रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं के बीच भय का वातावरण बना हुआ है।

उन्होंने सरकार से महाविद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र चहारदीवारी का निर्माण कराने की मांग की। साथ ही छात्र-छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय में छात्रावास निर्माण कराने की भी आवश्यकता पर बल दिया।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई कर छात्र-छात्राओं की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने का आग्रह किया।
















