


भागलपुर:
जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार एवं नगर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय चौधरी के नेतृत्व में स्टेशन चौक सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। आधुनिक तकनीक की मदद से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध अथवा अवांछित गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

इसके साथ ही पुलिस पदाधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
भागलपुर पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।
















