


भागलपुर:
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के शुभारंभ को लेकर रेल प्रशासन ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन परिसर में अस्थायी जीआरपी थाना का विधिवत उद्घाटन रेल पुलिस अधीक्षक विद्यासागर एवं जमालपुर रेल जिला के अपर पुलिस अधीक्षक उमेश्वर चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया।

उद्घाटन के अवसर पर डी.एल. मंडल को अस्थायी जीआरपी थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया। अधिकारियों ने उन्हें श्रावणी मेला अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेल पुलिस अधीक्षक विद्यासागर ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों शिवभक्त कांवरियों के सुल्तानगंज पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर में सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ लगभग 50 रेल पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा दंडाधिकारियों, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों तथा अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की भी तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए स्टेशन के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। वहीं दर्जनभर से अधिक हैंड मेटल डिटेक्टर के साथ पुलिस बल की तैनाती रहेगी। स्टेशन परिसर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी के लिए 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
रेल एसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्टेशन परिसर में ‘आई हेल्प यू’ बूथ स्थापित किए जाएंगे। अस्थायी जीआरपी थाना 24 घंटे कार्यरत रहेगा तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही वरीय रेल अधिकारी समय-समय पर औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे।
रेल प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस वर्ष श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
















