5
(2)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। गंगा का उफनता तेवर अब राघोपुर इलाके के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। खरीक प्रखंड के राघोपुर मुख्य बांध पर शुरू हुआ भीषण कटाव लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है। रविवार देर रात करीब आठ बजे शुरू हुए कटाव में जल संसाधन विभाग का कैंप कार्यालय देखते ही देखते गंगा की धारा में समा गया। बांध का बड़ा हिस्सा भी नदी के कटाव की भेंट चढ़ गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक जमींदारी बांध में करीब 200 मीटर तक कटाव हो चुका है और अब बांध का बेहद छोटा हिस्सा ही सुरक्षित बचा है। हालात बिगड़े तो खरीक और बिहपुर प्रखंड के कई गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा सकता है। गंगा के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
कटाव की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को सांसद अजय कुमार मंडल खुद राघोपुर पहुंचे और प्रभावित स्थल का जायजा लिया। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को हर संभव संसाधन लगाकर बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सांसद ने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इधर, जल संसाधन विभाग ने फ्लड फाइटिंग अभियान तेज कर दिया है। मुख्य अभियंता समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। बोरी, जियो बैग और अन्य सुरक्षात्मक उपायों के जरिए कटाव रोकने की कोशिश लगातार जारी है।
लेकिन इस संकट के बीच ग्रामीणों का गुस्सा भी सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कटाव निरोधी कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता की अनदेखी के कारण यह स्थिति पैदा हुई। ग्रामीणों ने विभाग और संवेदकों पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते मजबूत इंतजाम किए जाते तो बांध को इस हालत तक नहीं पहुंचना पड़ता।
कटाव स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटने से बचाव कार्य प्रभावित होने लगा, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों को शांत कराया और राहत-बचाव कार्य को गति दी।
फिलहाल राघोपुर में प्रशासन, जल संसाधन विभाग और जनप्रतिनिधि सभी सक्रिय हैं। लेकिन गंगा की बढ़ती धार और लगातार हो रहे कटाव ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या समय रहते बांध को बचाया जा सकेगा या गंगा का रौद्र रूप और तबाही मचाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: