


——————
नवगछिया : नवगछिया के निलेश कुमार भगत को देश की राजधानी दिल्ली में पत्रकारिता का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। एक्सचेंज 4 मीडिया और समाचार 4 मीडिया की ओर से देशभर के उन 40 युवा पत्रकारों को ये सम्मान दिया जाता है, जिन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के हाथों निलेश को ये सम्मान मिला।
निलेश नवगछिया के दुर्गा मंदिर रोड के रहने वाले हैं और वो सरिता देवी-संजय प्रसाद भगत के छोटे बेटे हैं। इस समय वे दिग्गज मीडिया संस्थान NDTV इंडिया में बिजनेस, यूटिलिटी, ऑटो और टेक डिजिटल डेस्क लीड करते हैं। उन्हें मीडिया में करीब 13 वर्षों का अनुभव है।

माता, पिता, गुरु को श्रेय, स्ट्रिंगर्स को समर्पण
निलेश कुमार ने इस उपलब्धि के पीछे अपने माता, पिता और गुरु आगमानंद जी महाराज से मिले आशीर्वाद को श्रेय दिया है। साथ ही इस पुरस्कार को छोटे शहरों के स्ट्रिंगर्स और पत्रकारों को समर्पित किया है।
समाचार 4 मीडिया के मंच पर संबोधित करते हुए निलेश कुमार ने बिहार में रिपोर्टिंग और ब्यूरो हेड के दिनों को याद करते हुए कहा कि पत्रकारिता के असली हीरो छोटे शहरों के स्ट्रिंगर्स और पत्रकार हैं, जो 24 घंटे हर तरह के जोखिम के लिए तैयार रहते हैं। गुमनाम रहते हुए और कम मेहनताने में भी वो अपना काम ईमानदारी से करते रहते हैं। उन्होंने संस्थान के हेड अनुराग बत्रा से आग्रह भी किया कि आने वाले वर्षों में छोटे शहरों के स्ट्रिंगर्स और पत्रकारों की भागीदारी बढ़ाई जाए। इस पर E4M चीफ ने आश्वस्त किया।
अवार्ड लेने के बाद अगली ही सुबह गुरु के पास पहुंचे
28 जुलाई की देर शाम दिल्ली में अवॉर्ड लेने के बाद अगली ही सुबह 29 जुलाई को निलेश सहरसा पहुंचे, जहां गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन था। वहां उन्होंने गुरु आगमानंदजी महाराज को इस उपलब्धि की जानकारी दी और आशीर्वाद लिया। उन्होंने याद किया कि 2011 में जब वो पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, वर्धा (महाराष्ट्र) जा रहे थे, तब उनके नवगछिया स्थित घर पहुंचे गुरुदेव ने डायरी के पहले पन्ने पर कवितरूपी आशीर्वाद दिया था… जिसकी लाइनें कुछ ऐसे थी कि “कितनी भी बाधाएं आए, अपना कदम बढ़ाते रहना”। निलेश ने गुरुदेव से भी ये प्रसंग साझा किया और भविष्य के लिए आशीर्वाद मांगा। गुरुदेव ने अंगवस्त्र के साथ आशीर्वाद दिया।
पत्रकारिता में ही NET क्वालीफाइड, जारी है पीएचडी
नवगछिया से शुरुआती पढ़ाई और भागलपुर से ग्रेजुएशन के बाद निलेश ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा (महाराष्ट्र) से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (MJMC) किया। उन्होंने ‘जनसंपर्क व विज्ञापन’ तथा ‘कैमरा व एडिटिंग’ में दो पीजी डिप्लोमा भी हासिल किए हैं। यूजीसी-नेट (UGC-NET) उत्तीर्ण निलेश वर्तमान में पीएचडी भी कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने सेबी (SEBI), रॉयटर्स, गूगल न्यूज इनिशिएटिव और अमेरिकी एआई (AI) इंस्टीट्यूट से अंतरराष्ट्रीय सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किए हैं। प्रिंट मीडिया पर वो एक पुस्तक भी लिख चुके हैं.
13 वर्षों का लंबा अनुभव, बिहार से मुंबई, दिल्ली तक का सफर
मार्केट, इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, पॉलिसी और डेटा जर्नलिज्म की गहरी समझ रखने वाले निलेश ने वर्ष 2013 में ‘प्रभात खबर’ से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ और ‘हिंदुस्तान’ में ग्राउंड रिपोर्टिंग की।
दिसंबर 2018 में दिल्ली आने के बाद उन्होंने ‘अमर उजाला’ डिजिटल में इलेक्शन डेस्क संभाला और फिर ‘TV9 भारतवर्ष’ में बतौर चीफ सब एडिटर नॉलेज डेस्क की कमान संभाली। आगे चलकर उन्होंने मुंबई में ‘Bloomberg Quint’ (अब NDTV Profit) में कार्य किया। वो वर्तमान में NDTV इंडिया में बिजनेस, यूटिलिटी, ऑटो और टेक डेस्क लीड कर रहे हैं।
















