


प्रदीप विद्रोही
सुल्तानगंज। श्रावणी मेला-2026 की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने निकले जिलाधिकारी ने बुधवार को कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। सबसे चौंकाने वाला मामला नमामि गंगे घाट पर सामने आया, जहां निर्धारित 80 चौकीदारों के बजाय करीब 250 चौकीदार मौजूद मिले। वहीं रेलवे स्टेशन, आरओबी के पास बने ड्रॉप गेट और कई संवेदनशील स्थलों पर प्रतिनियुक्त अधिकारी ड्यूटी से नदारद पाए गए।
जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक, एसडीओ, एसडीपीओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान नमामि गंगे घाट, बरारी पुल घाट, एसएम कॉलेज, सीढ़ीघाट, बूढ़ानाथ घाट, रेलवे स्टेशन, बैरिकेडिंग, यातायात, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में मिली लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला योजना पदाधिकारी हेमलता कुमारी, सहायक निदेशक-सह-प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी, सुल्तानगंज के अंचल अधिकारी, संचालक प्रबंधक विकास कुमार तथा प्रभारी प्रखंड उद्यान पदाधिकारी विशाल कुमार से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े श्रावणी मेले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी जवाबदेही, सतर्कता और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि मेले की सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
















