5
(2)


प्रदीप विद्रोही
कहलगांव (भागलपुर)। शिक्षा को विकास की सबसे मजबूत नींव मानने वाले कहलगांव के माननीय विधायक इंजीनियर शुभानंद मुकेश लगातार विद्यालयों का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में जुटे हैं। उनका मानना है कि किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक प्रगति गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही संभव है। यही कारण है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान विद्यालयों का निरीक्षण उनकी प्राथमिकता में शामिल रहता है।
इसी क्रम में शुक्रवार को विधायक ने उच्च विद्यालय भोलसर एवं उच्च विद्यालय पक्की सराय का दौरा किया। इस दौरान दोनों विद्यालयों की विद्यालय प्रबंध समिति (स्कूल मैनेजमेंट कमेटी) का विधिवत गठन किया गया। साथ ही विद्यालयों के आय-व्यय एवं लेखा-जोखा का भी गहन निरीक्षण किया गया, ताकि विद्यालयों में पारदर्शिता और बेहतर प्रशासन सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालयों में मौजूद शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रों की उपस्थिति, शिक्षकों की कार्यशैली तथा आधारभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने भी खुलकर अपनी बातें रखीं, जिस पर विधायक ने समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब रहा जब हाल की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विधायक ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण ही जीवन में सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने और अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंध समिति के गठन के दौरान उच्च विद्यालय पक्की सराय में विनय कुमार सिंह को शिक्षा प्रेमी के रूप में मनोनीत किया गया तथा उनके साथ 11 आमंत्रित सदस्यों को समिति में शामिल किया गया। वहीं उच्च विद्यालय भोलसर में विकास कुमार आजाद को शिक्षा प्रेमी के रूप में नामित करते हुए 11 आमंत्रित सदस्यों को समिति में स्थान दिया गया।
कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो शाहबाज आलम मुन्ना, पूर्व जिला पार्षद राजकुमार मंडल, मुखिया प्रतिनिधि नीरज मंडल, हुलो मंडल, पंकज कुमार निराला, मंगलदास, श्रवण सिंह, रंजन सिंह, संजय सिंह, श्याम सिंह, प्रमोद मंडल एवं शोभाकांत पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: