


खेत जाने के दौरान सांप ने डसा, अस्पताल ले जाने के क्रम में तोड़ा दम
नवगछिया प्रखंड के लक्ष्मीनिया टोला कदवा में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान लक्ष्मीनिया टोला कदवा निवासी वकील मंडल की पत्नी अनिता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, अनिता देवी घर से खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में विषैले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
मृतका के परिजनों ने नवगछिया अंचलाधिकारी से आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
















