


नवगछिया। नवगछिया में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में मदन अहिल्या महिला कॉलेज की चार छात्राएं घायल हो गईं। सभी छात्राएं बड़ी मकंदपुर से टोटो पर सवार होकर कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टोटो पर सवार चारों छात्राएं घायल हो गईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायल छात्राओं को अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।
घायलों में मुकेश भगत की पुत्री प्रतिज्ञा कुमारी, मनोज साह की पुत्री लवली कुमारी, जयप्रकाश साह की पुत्री छोटी कुमारी तथा नंदलाल साह की पुत्री नेहा कुमारी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
















