


पूर्णिया: शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और हाल के गोलीकांडों को देखते हुए पूर्णिया नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल शुरू की है। महापौर विभा कुमारी ने नगर निगम क्षेत्र में खराब पड़े सभी सीसीटीवी कैमरों को बदलने तथा प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर नए कैमरे लगाने का निर्देश दिया है।

महापौर ने बताया कि जो सीसीटीवी कैमरे तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़े हैं, उन्हें चिन्हित कर नए कैमरों से बदला जा रहा है। वहीं, जिन स्थानों पर अब तक कैमरे नहीं लगे हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इसके लिए संबंधित एजेंसी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को सीसीटीवी निगरानी के दायरे में लाना है। कैमरे चालू होने के बाद पूरे शहर पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी, जिससे संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिलेगी।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि हाल के दिनों में हुई गोलीबारी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। ऐसे में आधुनिक सीसीटीवी नेटवर्क शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुलिस की जांच और त्वरित कार्रवाई में भी सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन के समन्वय से यह कार्य जल्द पूरा किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
















