


@ श्रावण में विभिन्न उत्तरवाहिनी गंगा तट से स्वयं भरते हैं गंगाजल, वर्षों से कांवरियों की सेवा भी है जीवन का अभिन्न हिस्सा।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सावन की पहली किरण के साथ ही जब ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा अंग प्रदेश गूंज उठता है, तब भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल की एक अलग ही पहचान सामने आती है। राजनीति की व्यस्तताओं और जनप्रतिनिधि के दायित्वों के बीच वे पिछले 36 वर्षों से सावन माह में हर सोमवार समय निकालकर बाबा बासुकीनाथ के दरबार में हाजिरी लगाते हैं। उनके लिए यह केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि वर्षों से निभाई जा रही अटूट आस्था और आत्मिक विश्वास का प्रतीक है। सांसद कहते हैं सावन आते ही बाबा से मिलने को मन उद्वेलित हो उठता है। बाबा ने मुझे सब कुछ दिया है।
सांसद अजय कुमार मंडल की शिव भक्ति किसी औपचारिकता तक सीमित नहीं है। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार वे अपने गृह क्षेत्र के पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा तटों घोघा, त्रिमुहान, कहलगांव क्षेत्र के विभिन्न घाटों तथा बटेश्वर स्थान से गंगाजल भरते हैं। इसके बाद वाहन से बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक करते हैं और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उनके इस नियमित संकल्प की चर्चा वर्षों से क्षेत्र में होती रही है।
बाबा बासुकीनाथ के प्रति उनकी श्रद्धा केवल सावन तक सीमित नहीं है। उनके करीबी बताते हैं कि जीवन के हर महत्वपूर्ण मोड़ पर वे सबसे पहले बाबा का स्मरण करते हैं। चुनाव में टिकट मिलने की सूचना हो, मतगणना केंद्र में प्रवेश का क्षण हो या फिर जीत के बाद जनता का आभार व्यक्त करने से पहले अजय कुमार मंडल बाबा बासुकीनाथ के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लेना अपनी परंपरा मानते हैं।
उनकी आस्था का दूसरा पक्ष सेवा है। वर्षों से वे पड़ाव संघ के साथ कांवर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। घोघा स्थित ब्रह्मचारी बाबा के सत्य कुटी आश्रम में कांवरियों के लिए भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था में उनका विशेष योगदान रहता है। सावन के दौरान यहां कांवरियों के संग लोकसभा क्षेत्र के हजारों शिवभक्त प्रसाद ग्रहण करते हैं। सांसद व स्थानीय विधायक ई शुभनंद मुकेश पड़ाव संघ के संरक्षक भी हैं। पूरी रात सांसद अपने सहयोगियों के साथ सेवा कार्यों की निगरानी करते हुए कांवरियों की सहायता में जुटे रहते हैं।
सांसद के निकटस्थ लोगों का कहना है कि बाबा बासुकीनाथ के प्रति उनकी श्रद्धा राजनीति में आने से बहुत पहले की है। उनका विश्वास है कि ईश्वर के प्रति अटूट आस्था मनुष्य को संयम, सकारात्मक ऊर्जा और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है। शिव भक्त मदन आर्य, अभिषेक लाल, गोरे यादव, वरुण भारती, मुकेश चौधरी कहते हैं सांसद के भंडारा की सचमुच कोई सानी नहीं है। खुद प्रसाद परोसते हैं सांसद। उनकी सेवा भक्ति देखकर मन पावन हो उठता है। भजनों की फुहार में रात भर डुबकी लगाते हैं सांसद।
सावन के पवित्र महीने में जब पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठता है, तब सांसद अजय कुमार मंडल की यह नियमित शिव आराधना उन्हें केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि अपनी परंपरा, संस्कृति और आस्था से गहराई से जुड़े व्यक्ति के रूप में भी स्थापित करती है। उनकी यह साधना बताती है कि सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच भी श्रद्धा और सेवा के लिए समय निकाला जा सकता है।

















