


नवगछिया। सामाजिक संस्था सेवा श्री द्वारा प्रत्येक शनिवार की तरह नवगछिया बस स्टैंड, सुंदरम रेस्टॉरेंट परिसर में आयोजित महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम इस शनिवार को भी श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवगछिया के सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. सोमेन झा अपनी टीम के साथ विशेष रूप से शामिल हुए। उनके आगमन पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान जीएस न्यूज़ के संरक्षक एवं समाजसेवी अधिवक्ता अजीत पांडे बाबा ने डॉ. सोमेन झा को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सेवा श्री द्वारा कई सप्ताहों से निस्वार्थ भाव से चलाया जा रहा महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत कर रहा है। ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और अधिक से अधिक लोगों को इस प्रकार के सेवा कार्यों से जुड़ना चाहिए।
सम्मान के बाद डॉ. सोमेन झा ने स्वयं श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य करना ईश्वर की सच्ची आराधना है। उन्होंने सेवा श्री के सदस्यों की नियमित सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक शनिवार बिना किसी स्वार्थ के लोगों की सेवा करना अत्यंत सराहनीय कार्य है।
महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सेवा श्री के डॉ. दीपक कुमार, श्रीजीत सुंदरम, मोनू कुमार, मदन शर्मा, मगन झा सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि सेवा श्री द्वारा प्रत्येक शनिवार आयोजित महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रसाद वितरण नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव और मानवता की भावना को बढ़ावा देना है। यह सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
















