


भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को विभिन्न प्रमुख स्थलों पर आयोजित नुक्कड़ नाटकों के जरिए सतत् जीविकोपार्जन कार्यक्रम एवं बिहार वृद्धजन पेंशन योजना की जानकारी श्रद्धालुओं और आमजन तक पहुंचाई गई।

कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से दोनों योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए लोगों को बताया गया कि पात्र परिवार सतत् जीविकोपार्जन कार्यक्रम का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं, जबकि पात्र वरिष्ठ नागरिक बिहार वृद्धजन पेंशन योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग जुटे। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक पहुंचाना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।
श्रावणी मेला के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग लगातार विभिन्न जनहित एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता अभियानों का आयोजन कर रहा है। इसके माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का संदेश हजारों श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
















