


पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति द्वारा झील टोला बाघमारा स्थित स्थानीय फुटबॉल मैदान में आयोजित 15 दिवसीय 43वीं फुटबॉल चैंपियनशिप एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के सातवें दिन शुक्रवार को स्टार क्लब गिरवा-बेतवा कस्बा पूर्णिया और फुटबॉल क्लब बक्सा घाट पूर्णिया के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया।
निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया, जिसमें फुटबॉल क्लब बक्सा घाट पूर्णिया ने 5-4 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। स्टार क्लब की ओर से कप्तानी वीरेंद्र टोप्पो तथा गोलकीपर की जिम्मेदारी सोनू मिंज ने निभाई, जबकि विजेता टीम बक्सा घाट की ओर से कप्तान श्याम सोरेन और गोलकीपर सूरज मरांडी ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे मैच के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्टार क्लब गिरवा-बेतवा के खिलाड़ी रंजीत मुर्मू (जर्सी नंबर-06) को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुख्य अतिथि प्रधानाध्यापक हरी लाल उरांव ने उन्हें स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
मुकाबले का संचालन मुख्य निर्णायक राहुल तिर्की ने किया। उनके साथ राजेश मुर्मू, रजनीश कुमार पांडेय एवं अरुण मरांडी निर्णायक की भूमिका में मौजूद रहे। मैच का आंखों देखा हाल बीरेंद्र मुर्मू ने सुनाया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का आठवां मुकाबला 8 अगस्त को अपराह्न 3:30 बजे सरना फुटबॉल क्लब, पूर्णिया और महेंद्रपुर फुटबॉल क्लब, पूर्णिया के बीच खेला जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरी लाल उरांव के अलावा सत्यनारायण सोरेन, हरी कुजूर, सत्यनारायण उरांव, उमेश लाल उरांव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं फुटबॉल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संयोजक मायाराम उरांव, सह संयोजक हरी कुजूर, अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार उरांव, उपाध्यक्ष विक्रम तिर्की एवं रविशंकर हेम्ब्रम, महासचिव नवीन लकड़ा, सचिव रावण उरांव, संयुक्त सचिव अजय उरांव, उपेंद्र बेसरा एवं बरुण कुमार, संगठन सचिव मनीष कुमार मिंज एवं शुभम आनंद, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार कुजूर, उपकोषाध्यक्ष राजेश मिंज, प्रवक्ता सुमित लकड़ा तथा मीडिया प्रभारी नाथु उरांव एवं प्रीतम लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















