


इंडक्शन कार्यक्रम के तहत टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक इं. अंशु कुमार सिंह ने बताया ध्यान का महत्व, कराया व्यावहारिक अभ्यास
भागलपुर। भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र में नामांकित विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मेंटल हेल्थ प्रोग्राम के अंतर्गत ध्यान (मेडिटेशन) पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक इं. अंशु कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को ध्यान के महत्व, उसके वैज्ञानिक लाभ और जीवन में उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अपने संबोधन में इं. अंशु कुमार सिंह ने कहा कि ध्यान केवल मानसिक शांति का माध्यम नहीं, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन की प्रभावी साधना है। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान करने से विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति, निर्णय क्षमता और पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

सत्र के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। ध्यान के बाद छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान की विधि तथा इसके दैनिक जीवन में उपयोग को लेकर कई प्रश्न पूछे। विशेषज्ञ ने सभी जिज्ञासाओं का सरल और वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया, जिससे विद्यार्थी संतुष्ट नजर आए।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने इस सत्र की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें मानसिक तनाव को नियंत्रित करने और पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बढ़ाने के उपयोगी उपाय सीखने का अवसर मिला।
उल्लेखनीय है कि इं. अंशु कुमार सिंह समर्थगुरु धारा के वरिष्ठ आचार्य होने के साथ-साथ इंडियन योग एसोसिएशन, बिहार के उपाध्यक्ष एवं आयुष मंत्रालय के प्रशिक्षक भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से ध्यान और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकें।
















