


पूर्णिया : पूर्णिया चेंबर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल, सचिव भारत जायसानी एवं कोषाध्यक्ष निर्मल जैन को विधायक विजय खेमका ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि चेंबर की नई टीम व्यवसायियों और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि व्यवसायी एवं उद्यमी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा सरकार व्यापार और उद्योग के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

विधायक ने कहा कि पूर्णिया के समग्र विकास के लिए पूर्णिया चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित सभी व्यवसायी, उद्यमी एवं सामाजिक संगठनों को उनका सहयोग हमेशा मिलता रहेगा। उन्होंने नई टीम के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में चेंबर व्यापारिक हितों की रक्षा और जिले के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।















