


पूर्णिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सहयोग प्रांगण, आकाशवाणी रोड, पूर्णिया में सहयोग के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर सहयोग के सचिव विकास रंजन सहित संस्था के सदस्य डॉ. के.के. चौधरी, राजीव कुमार, अनुपम कुमार, गौरव वंश, वैभव अक्ष, डॉ. सतीश ठाकुर, डॉ. प्रीतम कुमार, आस्था, रूपेश गांधी, रंजीत रमन, सुबोध गोस्वामी, दिनेश कुमार, फारूक आलम, विक्रम, कोमल, अनोज मंडल, केदार सिंह, मनी गिरी एवं गोस्वामी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सहयोग अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने कहा कि 15 अगस्त 2026 को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। 15 अगस्त 1947 को देश ने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी। यह दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष, आंदोलनों, जेल यात्राओं और अनगिनत बलिदानों के बाद देश ने विदेशी शासन की बेड़ियों को तोड़ा। महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस सहित हजारों ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष ने स्वतंत्र भारत की नींव रखी। आजादी केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि भारतीयों को अपने भविष्य का निर्णय स्वयं लेने के अधिकार की ऐतिहासिक जीत थी।
सहयोग सचिव विकास रंजन ने कहा कि वर्ष 2026 का स्वतंत्रता दिवस ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के कारण भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता आंदोलन की उस विरासत का प्रतीक है, जिसने राष्ट्रभक्ति और स्वाधीनता की भावना से करोड़ों भारतीयों को एकजुट किया।
इस अवसर पर सहयोग स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा संस्थान की ओर से वर्ष 2025-26 में समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले सदस्यों को प्रशस्ति पत्र एवं लेखन सामग्री देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में राजीव कुमार, अनुपम कुमार, सिमरन कुमारी, साक्षी कुमारी एवं गौरव अंश शामिल रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
















