


पूर्णिया। बिहार सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार को पूर्णिया नगर निगम की ओर से डॉलर हाउस चौक स्थित जगदम्ब स्मारक स्कूल परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वार्ड संख्या 4, 5, 6 एवं 7 के नागरिकों को नगर निगम एवं जिला प्रशासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था। शिविर में नगर निगम एवं जिला प्रशासन के कुल 19 विभागों से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखे।

नगर निगम की ओर से सैरात एवं होल्डिंग, मुद्रा लोन एवं पीएम स्वनिधि, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, भवन मानचित्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सड़क, सफाई, होल्डिंग टैक्स, पेंशन योजना, एचएफए/पीएमएवाई, ट्रेड लाइसेंस, बुचरिंग तथा अतिक्रमण एवं मापी से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ऊर्जा, साइबर सुरक्षा, बाल विकास परियोजना तथा पशुपालन विभाग के स्टॉल लगाए गए। सभी स्टॉलों पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का पंजीकरण किया गया।
महापौर विभा कुमारी ने शिविर का निरीक्षण करते हुए सभी स्टॉलों पर पहुंचकर नागरिकों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए समस्याओं के त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नागरिकों ने पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, भवन नक्शा, होल्डिंग टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित नगर निगम से जुड़ी विभिन्न समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि सहयोग शिविर केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य नगर निगम से जुड़ी सेवाओं को आम लोगों तक सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। राज्य सरकार की इस पहल से नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद और मजबूत होगा तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ उनकी प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन सके। यदि किसी नागरिक की समस्या लंबे समय से लंबित है, तो सहयोग शिविर के माध्यम से उसे संबंधित विभाग के संज्ञान में लाकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्णिया नगर निगम नगरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
महापौर ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नितेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं विकसित बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी नागरिक को किसी प्रकार की समस्या हो तो वह नगर निगम कार्यालय अथवा संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकता है। नागरिकों की समस्याओं का यथाशीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
शिविर में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, प्रभारी नगर आयुक्त विनय कुमार साह, वरीय कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र कुमार, लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी अंकिता भारद्वाज, वार्ड पार्षद निर्जला देवी, अर्जुन सिंह, सिटी मैनेजर पवन कुमार, प्रधान सहायक उमेश यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, राजीव राय, राहुल मिश्रा सहित चारों वार्डों के सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।
















