


पूर्णिया। शहर को हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के संकल्प के साथ ‘ग्रीन पूर्णिया’ संस्था की ओर से स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों और खेल प्रेमियों ने मिलकर स्टेडियम परिसर में अशोका प्रजाति के 70 पौधे लगाए।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ग्रीन पूर्णिया के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पौधरोपण अभियान को सफल बनाने में एकलव्य संस्था के एथलेटिक खिलाड़ियों एवं उनके कोच का विशेष सहयोग मिला। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधरोपण में भाग लिया। उन्होंने पौधों के लिए गड्ढे खोदने से लेकर पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने तक में सक्रिय भूमिका निभाई।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि ‘ग्रीन पूर्णिया’ संस्था पिछले तीन वर्षों से शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों एवं शैक्षणिक संस्थानों में लगातार पौधरोपण अभियान चला रही है। संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करना भी है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संस्था की ओर से शहर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इंदिरा गांधी स्टेडियम जैसे खेल परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में शामिल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने के साथ पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
स्थानीय लोगों ने ‘ग्रीन पूर्णिया’ के प्रयासों की सराहना करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने में हरसंभव सहयोग करने की बात कही।
कार्यक्रम में ग्रीन पूर्णिया के सचिव रवीन्द्र सह के अलावा नीलम अग्रवाल, आलोक लोहिया, प्रदीप अग्रवाल, अशोक मिश्रा, संजीव कुमार, गौतम, लता झा सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। वहीं पूर्णिया एथलेटिक सोसाइटी के सचिव रहमान जी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का आश्वासन दिया।
















