


@ श्रावणी मेला भले ही शुक्रवार को समाप्त हो रहा हो, लेकिन भादो महीने में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती रहेगी। निर्धारित रूटों पर बाइक से लगातार पेट्रोलिंग कराई जाएगी।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सावन पूर्णिमा और श्रावणी मेले के अंतिम दिन अजगैबीनाथ धाम में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। गुरुवार देर रात भागलपुर एसएसपी प्रमोद यादव ने सुल्तानगंज पहुंचकर गंगा घाट, अजगैबीनाथ मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैनात पुलिस पदाधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
सावन के अंतिम दिन बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों के साथ-साथ बांका के जेठौरनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भी सुल्तानगंज में आवाजाही बढ़ गई है। श्रद्धालु गंगा स्नान कर जल भरने के बाद अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की कोशिश है कि घाटों पर श्रद्धालुओं का अनावश्यक जमावड़ा न हो और भीड़ का दबाव किसी एक स्थान पर न बढ़े।
गंगा के जलस्तर में लगातार इजाफा होने से प्रशासन की चिंता भी बढ़ी है। नमामि गंगे घाट की अंतिम सीढ़ी तक पानी पहुंच गया है। आसपास पानी फैलने के कारण वहां श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है, जबकि सीढ़ी घाट पर ज्यादा भीड़ देखी जा रही है।

एसएसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे बैरिकेडिंग के भीतर रहकर ही स्नान करें और सुरक्षा जाली से किसी तरह की छेड़छाड़ न करें। उन्होंने कहा कि गंगा का बहाव तेज है और जलस्तर बढ़ा हुआ है, इसलिए सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
एसएसपी प्रमोद यादव ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य घाटों पर भीड़ का दबाव कम रखना है। श्रद्धालु स्नान और जल भरने के बाद घाट पर रुकने के बजाय आगे बढ़ते रहें। उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान की व्यवस्था है, लेकिन जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए बैरिकेडिंग पार करने या प्रतिबंधित हिस्से में जाने पर रोक रहेगी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम भी लगातार घाटों पर निगरानी कर रही है। माइकिंग के जरिए श्रद्धालुओं को लगातार सतर्क किया जा रहा है। बैरिकेडिंग पर चढ़ने अथवा सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ने की कोशिश करने वालों को पुलिस तत्काल रोक रही है।
श्रावणी मेला भले ही शुक्रवार को समाप्त हो रहा हो, लेकिन भादो महीने में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा निर्धारित रूटों पर बाइक से लगातार पेट्रोलिंग कराई जाएगी।
















