


पूर्णिया। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सह कटिहार प्रभारी बिजेंद्र यादव ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को भाजपा की बौखलाहट का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनहित से जुड़े सवालों का जवाब नहीं है, इसलिए विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए मुकदमे और जांच एजेंसियों का सहारा लिया जा रहा है।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि जब विपक्ष का नेता जनता की आवाज बनकर सरकार से सवाल करता है, तब सत्ता पक्ष को उन सवालों का जवाब देना चाहिए। मुकदमे दर्ज कर राहुल गांधी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को विपक्ष को डराने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। हर सवाल का जवाब मुकदमा नहीं हो सकता।
यादव ने कहा कि कांग्रेस किसी भी दबाव से डरने या झुकने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष की आवाज को दबाने और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी ताकत है और कांग्रेस उस आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता देशभर में आंदोलन करेंगे। कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों से पीछे नहीं हटेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
















