


पंचायत में नहीं सुलझा मामला तो परिजनों ने पीडब्ल्यूडी सड़क पर किया प्रदर्शन, करीब एक घंटे तक आवागमन रहा बाधित
नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ी मकंदपुर गांव में मोटर चोरी के आरोप में एक नाबालिग को घर में बंद कर उसके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 30 अगस्त की बताई जा रही है। मामले को लेकर नाबालिग के पिता ने गोपालपुर थाने में आवेदन देकर अंभू चौधरी, श्यामदेव चौधरी समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत की है।
पुलिस को दिए आवेदन में नाबालिग के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उनके नाबालिग पुत्र पर मोटर चोरी करने का आरोप लगाया और उसे घर में बंद कर उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद नाबालिग की स्थिति को लेकर परिजनों ने मामले को पंचायत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान नहीं हो सका।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद नाबालिग को समुचित उपचार नहीं मिल पाने से वे नाराज थे। इसी बात को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने नवगछिया से तिनटंगा करारी जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर टायर जलाए जाने के कारण मार्ग पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया और करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही गोपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद परिजनों ने सड़क से टायर हटाया और आवागमन सामान्य हो सका।
गोपालपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित नाबालिग का अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में इलाज कराया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद उसे घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि सड़क जाम परिजनों द्वारा अज्ञानतावश किया गया था। पूरे मामले में पुलिस विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नाबालिग के साथ मारपीट किए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















