


भाजपा की जिला कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
पूर्णिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार, 5 सितंबर को जिला भाजपा कार्यालय, वनभाग, पूर्णिया में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न मंडलों से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा, विचारों और जनकल्याणकारी कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल रहे। कार्यक्रम में बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि और पूर्णिया सदर विधायक विजय कुमार खेमका भी मौजूद रहे। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। जिला मंत्री श्रीमती मीनाक्षी सिन्हा ने मंच संचालन किया, जबकि कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री संजय पोद्दार ने सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी।
‘सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित है मोदी का सार्वजनिक जीवन : जायसवाल
मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने संगठन के एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और आज देश का नेतृत्व करते हुए भारत को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के बीच रहकर सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।

डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा, उनके विचारों और जनकल्याणकारी कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
मोदी का जीवन संघर्ष और अनुशासन की मिसाल : कृष्ण कुमार ऋषि
बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्ष, अनुशासन और सेवा भावना का उदाहरण है। एक सामान्य कार्यकर्ता से देश के प्रधानमंत्री तक का उनका सफर भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
‘सेवा ही संगठन’ भाजपा की कार्यशैली : संजीव कुमार सिंह
कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए ‘सेवा ही संगठन’ केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की कार्यशैली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से कार्यकर्ताओं को सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि पूर्णिया जिले में सेवा संकल्प अभियान को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। इसके लिए सभी मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों, प्रभारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
मंडल और बूथ स्तर पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम : संजय पोद्दार
कार्यक्रम के जिला संयोजक संजय पोद्दार ने सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों और बूथों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए मंडल संयोजक, सहसंयोजक, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यशाला में निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज सिंह, जिला महामंत्री अरुण राय, पुलक, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्णिया नगर निगम की उप महापौर पल्लवी गुप्ता सहित सेवा संकल्प अभियान के मंडल संयोजक एवं सहसंयोजक, जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ एवं वरीय कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही। कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं में अभियान को लेकर उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में जिला मंत्री संजय मिर्धा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।















