


शिवम हायर एजुकेशन नर्सिंग कॉलेज के कई छात्रों ने हासिल की सफलता, संस्थान प्रबंधन ने दी बधाई
पूर्णिया। काझा कोठी स्थित शिवम हायर एजुकेशन फाउंडेशन नर्सिंग कॉलेज के कई होनहार विद्यार्थियों ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए स्टाफ नर्स के पद पर चयनित होकर संस्थान का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है, वहीं कॉलेज परिसर में भी उत्साह और हर्ष की लहर है। शिक्षकों, कर्मचारियों और साथी विद्यार्थियों ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए चयनित विद्यार्थियों ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ संस्थान के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्रों ने कहा कि संस्थान के चेयरमैन, डायरेक्टर और सभी शिक्षकों ने समय-समय पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। उनके सहयोग और सही दिशा-निर्देशन के बिना इस सफलता को हासिल करना कठिन था।
छात्रों ने कहा कि संस्थान में पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान पर भी विशेष जोर दिया जाता है, जिससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ अपने पेशेवर दायित्वों को समझने में भी मदद मिली।
विद्यार्थियों की सफलता पर संस्थान की डायरेक्टर नूतन गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की अथक मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसकी निरंतर मेहनत के साथ सही मार्गदर्शन और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की अहम भूमिका होती है।
नूतन गुप्ता ने कहा कि संस्थान का हमेशा प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे शिक्षा पूरी करने के बाद अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और सफलता के नए आयाम स्थापित करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित विद्यार्थी आगे भी अपनी मेहनत और सेवा भावना के बल पर स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे।

इस उपलब्धि पर संस्थान के चेयरमैन पंकज पटेल, डायरेक्टर नूतन गुप्ता, शिक्षकगण एवं सभी कर्मचारियों ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। संस्थान प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है और आने वाले समय में संस्थान के विद्यार्थी इसी तरह बेहतर परिणाम हासिल करते रहेंगे।
















