


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। ऊपर से देखने पर पिकअप में प्लास्टिक कार्टन और खाली बोरियां नजर आ रही थीं। पहली नजर में ऐसा कुछ नहीं था, जिससे अंदर छिपी बड़ी खेप का अंदाजा लगे। लेकिन वाहन जांच के दौरान जब सामान हटाया गया तो बोरियों के नीचे शराब की 118 पेटियां मिलीं। झारखंड की ओर से भागलपुर लाई जा रही इस खेप को रास्ते में ही मद्यनिषेध विभाग की टीम ने पकड़ लिया। बरामद शराब की कुल मात्रा 1,019.520 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। शराब Officers Choice ब्रांड की है और टेट्रा पैक में पैक थी।
कार्रवाई जगदीशपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर पुरैनी के आसपास वाहन जांच के दौरान हुई। मद्यनिषेध विभाग को पहले से सूचना मिली थी कि हंसडीहा की तरफ से एक पिकअप भागलपुर की ओर आ रहा है। इसके बाद एएसआई अर्जुन कुमार महतो के नेतृत्व में टीम गठित कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
जांच की नजर से नहीं बच सकी पिकअप
बांका-झारखंड की तरफ से आने वाले वाहनों की जांच के दौरान टीम ने संदिग्ध पिकअप को रोका। तलाशी शुरू हुई तो प्लास्टिक कार्टन और खाली बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 118 पेटियां सामने आ गईं।
मद्यनिषेध विभाग के इंस्पेक्टर मनोज कुमार के अनुसार, पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की खेप हंसडीहा की ओर से लाई जा रही थी और इसे भागलपुर में डिलीवर किया जाना था।

चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मोतिहारी जिले का रहने वाला बताया गया है। पिकअप में चालक के साथ उपचालक के होने की भी जानकारी सामने आई है। उपचालक की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर शराब के स्रोत और संभावित डिलीवरी प्वाइंट का पता लगाने में जुटा है। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।















