


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बाढ़ की चुनौती के बीच भागलपुर प्रशासन ने राहत और बचाव व्यवस्था को लेकर जमीनी सक्रियता तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी, भागलपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने टी.एन.बी. कॉलेज मैदान और पॉलिटेक्निक मैदान में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए अस्थायी निवास स्थलों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने राहत शिविरों में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों के बीच उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को करीब से देखा। इस दौरान अस्थायी आवास, भोजन, पेयजल समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। किसी भी बाढ़ प्रभावित व्यक्ति को भोजन, रहने की व्यवस्था या अन्य आवश्यक सहायता के लिए परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन का संदेश साफ है – बाढ़ के इस कठिन समय में प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें लोगों की सुरक्षा, सुविधा और सहायता के लिए लगातार मैदान में सक्रिय हैं।
मालूम हो कि भागलपुर में गंगा के रौद्र रूप के कारण बड़ी संख्या में गंगा के इस पार और उस पार के पीड़ित परिवार शरण लिए हुए है। शहरी इलाकों की भी स्थिति काफी बुरी है। मवेशियों को चारा नहीं मिल रहा है। बच्चे भूख से विलख रहे हैं। अभी तक खानाबदोश की जिंदगी जी रहे हैं। इन्हें मूलभूत सुविधाओं की सख्त जरूरत है। जिला प्रशासन की इस पहल से पीड़ितों के बीच एक आस जगी है।

















