


नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के गंगा नदी क्षेत्र से शुक्रवार को एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र अधिक बताई जा रही है। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को गंगा नदी क्षेत्र में महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर जारी की है।

पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से भी महिला के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा यह पता लगाया जा रहा है कि हाल के दिनों में किसी वृद्ध महिला के लापता होने की सूचना किसी थाने में दर्ज कराई गई है या नहीं।
पहचान कराने में सहयोग की अपील
नवगछिया पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को तस्वीर में दिख रही महिला के संबंध में कोई जानकारी हो या उनके परिवार की कोई महिला लापता हो, तो तत्काल नवगछिया पुलिस को सूचना दें। महिला की पहचान होने के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस शव की पहचान कराने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है।

















