5
(2)

नवगछिया के गोपालपुर पोखरिया गांव के रहने वाले सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार की शनिवार सुबह गुरुग्राम में उपचार के दौरान निधन हो गया । ड्यूटी पर जाने के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सुबह करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई। जवान के निधन की सूचना मिलते ही पोखरिया गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।

मुकेश कुमार, पोखरिया निवासी रामविलाश साह के पुत्र थे। वर्ष 2003 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में चयनित होने के बाद उन्होंने सेवा शुरू की थी। करीब 23 वर्षों के सेवाकाल में वे देश की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाते रहे। फिलहाल उनकी तैनाती गुरुग्राम में थी। परिवार में वे बड़े भाई थे और घर की जिम्मेदारियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

परिवार के लोगों ने बताया कि 10 सितंबर को ड्यूटी के लिए निकलने के दौरान मुकेश कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की देखरेख में उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार सुबह उनकी स्थिति गंभीर हो गई और करीब पांच बजे उनका निधन हो गया।

जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव और परिवार के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश कुमार के परिवार में 12 वर्ष का एक पुत्र और एक पुत्री है। परिजनों के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर रविवार को नवगछिया लाए जाने की संभावना है। इसके बाद पारिवारिक एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश कुमार लंबे समय से घर से दूर रहकर देश की सेवा कर रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत से गांव ने अपना एक कर्मठ जवान खो दिया है। ग्रामीणों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: