5
(1)

पथ-वे, बैठने के लिए बेंच, व्यायाम उपकरण, हरियाली और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से बदला स्थल का स्वरूप

पूर्णिया। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 स्थित राजेंद्र नगर झंडा चौक की तीनमुहानी का सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद सोमवार को महापौर विभा कुमारी ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। सौंदर्यीकरण के बाद तीनमुहानी स्थल का स्वरूप आकर्षक और व्यवस्थित हो गया है। यहां स्थानीय लोगों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और कुछ समय सुकून के साथ बिताने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उद्घाटन के अवसर पर वार्ड पार्षद सहित स्थानीय लोगों ने महापौर विभा कुमारी का बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। महापौर ने सौंदर्यीकरण स्थल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थल के नियमित रख-रखाव, साफ-सफाई एवं बेहतर व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पथ-वे से लेकर व्यायाम उपकरण तक की व्यवस्था

स्थानीय लोगों की मांग और आवश्यकता को देखते हुए नगर निगम की ओर से राजेंद्र नगर झंडा चौक स्थित तीनमुहानी का सौंदर्यीकरण कराया गया है। इसके तहत सुबह-शाम लोगों के टहलने के लिए पथ-वे का निर्माण कराया गया है। लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए कसरत एवं व्यायाम के विभिन्न उपकरण भी लगाए गए हैं।

स्थल पर हरियाली बढ़ाने के लिए घास एवं पौधारोपण का कार्य आकर्षक ढंग से कराया गया है। इसके अलावा आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी की गई है, जिससे शाम के समय भी स्थानीय लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

जनसुविधाओं के विकास पर नगर निगम का जोर

उद्घाटन के अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर, स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। राजेंद्र नगर झंडा चौक स्थित तीनमुहानी के सौंदर्यीकरण से आसपास के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में ऐसे अन्य स्थानों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जहां आवश्यकता के अनुसार तीनमुहानी एवं हरित क्षेत्र के रूप में विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। शहर में हरित क्षेत्रों और जनसुविधाओं का विकास होने से बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों को भी बेहतर स्थान उपलब्ध होंगे।

महापौर ने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य के साथ-साथ इन स्थलों के नियमित रख-रखाव और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद पूर्णिया शहर की सुंदरता में और निखार आएगा।

उन्होंने कहा कि पूर्णिया के विकास, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

उद्घाटन के अवसर पर जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद बबलू सहाय, अर्जुन सिंह, अमित कुमार सोनी, नवल जायसवाल, पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, रहीम अंसारी, राजीव राय, विपिन राय, अरुण राय (पुलक), कुंदन यादव, अनुज चांद सहित स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: