5
(1)

गुलाबबाग में 13 दिवसीय महागणपति चतुर्थी महोत्सव के जागरण का किया उद्घाटन, कलाकारों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित

पूर्णिया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंगलवार की रात शहर के विभिन्न हिस्सों में आयोजित गणेश पूजा एवं महोत्सव कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह भक्ति गीतों और धार्मिक आयोजनों से शहर का वातावरण गणपति भक्ति में सराबोर नजर आया। इसी क्रम में महापौर विभा कुमारी ने गुलाबबाग में आयोजित 13 दिवसीय महागणपति चतुर्थी महोत्सव के तहत आयोजित भव्य जागरण संध्या का दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

जागरण संध्या में बाय-बाय ग्रुप एवं छोटा बिहारी टीम के कलाकारों ने भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। गणपति बप्पा की भक्ति और संगीत से गुलाबबाग का पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों ने सहभागिता की।

महापौर विभा कुमारी ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महागणपति पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान, स्वागत अध्यक्ष सह मीडिया उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, प्रभारी राजेश कुमार झा, कन्हैया चौधरी, दीपक पासवान, बलराम यादव, विष्णु प्रसाद साह, विजय राय, अरविंद पासवान, गणेश केवट, संतोष साह, अनिल शर्मा, संजय चौधरी सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

मधुबनी में भी गणेश महोत्सव में शामिल हुईं महापौर

गुलाबबाग के कार्यक्रम के बाद महापौर विभा कुमारी मधुबनी में गणेश पूजा समिति द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगरवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। मौके पर जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद बबलू सहाय, राजीव राय, एसके संजू, दिलीप चौधरी सहित स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मरंगा में भी गणपति पूजा में हुईं शामिल

महापौर ने मरंगा निवासी उमेश प्रसाद यादव के आवास पर आयोजित श्री गणपति पूजा में भी सहभागिता की। उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया तथा मौजूद परिजनों एवं कुटुंबजनों से स्नेहिल भेंट कर गणपति पूजा की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने तथा सभी कार्य निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।

आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है गणेश पूजा : महापौर

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि गणेश पूजा आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का पर्व है। भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता माना जाता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि पूर्णिया की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा शहर की पहचान है। ऐसे आयोजनों में शहरवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता इस परंपरा को और मजबूत करती है। महापौर ने सभी श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की और गणपति बप्पा से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: