


प्रेम विवाह से नाराजगी के बाद पिता ने सार्वजनिक रूप से बेटी से संबंध खत्म करने का जताया ऐलान, चपय गांव की घटना
पूर्णिया। एक तरफ बेटी की विदाई के समय पिता की आंखों में खुशी और भावुकता के आंसू होते हैं, लेकिन पूर्णिया के केनगर प्रखंड में एक पिता ने अपनी बेटी की ऐसी ‘विदाई’ की, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गंगेली पंचायत के चपय गांव में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने कथित तौर पर उसका पुतला तैयार कराया। पुतले को अर्थी पर रखा गया, अंतिम यात्रा की तरह गांव में घुमाया गया और इसके बाद उसका दाह संस्कार कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मनोज गोस्वामी की बेटी रिया कुमारी का गांव के ही मिलन पासवान से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध शादी कर ली। बताया गया कि यह अंतरजातीय विवाह था, जिसे लेकर युवती के परिवार में नाराजगी थी।
दिल्ली से बरामद हुई थी युवती
जानकारी के अनुसार, रिया कुमारी 8 सितंबर को युवक के साथ घर से चली गई थी। इसके बाद उसके पिता की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को दिल्ली से बरामद किया। बाद में अदालत में युवती ने अपनी इच्छा से युवक के साथ रहने की बात कही। इसके बाद परिवार की नाराजगी और बढ़ गई।

पुतले की निकाली गई अंतिम यात्रा
इसके बाद पिता मनोज गोस्वामी ने सार्वजनिक रूप से बेटी से संबंध खत्म करने का फैसला जताया। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पुतला तैयार किया गया। पुतले को अर्थी पर रखा गया और अंतिम यात्रा की तरह गांव में घुमाया गया। इसके बाद पुतले का दाह संस्कार किया गया।
पिता का कहना है कि बेटी के फैसले से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। वहीं, घटना के बाद गांव में इसकी चर्चा बनी हुई है।
सामाजिक सोच पर भी उठे सवाल
चपय गांव की यह घटना केवल एक परिवार की नाराजगी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रेम विवाह और अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवार एवं पारंपरिक सामाजिक सोच के बीच मौजूद टकराव को भी सामने लाती है। एक वयस्क बेटी द्वारा अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने के बाद परिवार की प्रतिक्रिया किस हद तक जा सकती है, इस घटना ने इस पर भी सवाल खड़े किए हैं।
















