


नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में जमीनी विवाद को लेकर पंचायत के दौरान दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने एक युवक को देसी कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

इसी दौरान पुलिस ने कन्हैया कुमार, पिता प्रभाकांत ठाकुर, निवासी कैथी, थाना चौथम, जिला खगड़िया को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नवगछिया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि युवक हथियार लेकर पंचायत में क्यों पहुंचा था और हथियार उसे कहां से मिला।
















