


बॉक्सिंग मेमोरियल चैंपियनशिप 2026 में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का संकल्प
भागलपुर। शहर में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। इंडस प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग के प्रथम चयन परीक्षण के तहत बॉक्सिंग मेमोरियल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन सैंडिस कंपाउंड स्थित खुले रंगमंच प्रशाल में किया गया। वर्ष 2026 में आयोजित यह पहला बॉक्सिंग चैंपियनशिप बताया गया। इसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता देखने के लिए शहर के कई गणमान्य लोग भी पहुंचे। कार्यक्रम का उद्घाटन भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। रिंग में उतरे युवा मुक्केबाजों ने अपनी तकनीक, दमखम और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
आयोजकों के अनुसार, भागलपुर में इस स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन खेल के क्षेत्र में एक नई शुरुआत है। इसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को जिला एवं राज्य स्तर से आगे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर देना है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजकों और सांसद अजय मंडल ने कहा कि भागलपुर में बॉक्सिंग को और अधिक विस्तार देने की दिशा में कार्य किया जाएगा। भविष्य में प्रतियोगिता को और बेहतर तथा बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना है, ताकि शहर और आसपास के क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के अधिक अवसर मिल सकें।
आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से भागलपुर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने में सफल होंगे।
















