


भूकंप, बाढ़ और आगजनी जैसी आपदाओं से बचाव के बताए उपाय, जवानों ने किया व्यावहारिक प्रदर्शन
नवगछिया। पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बाल भारती विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के तत्वावधान में आपदा प्रबंधन, बचाव एवं सुरक्षा को लेकर विशेष प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

एनडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम ने भूकंप, बाढ़, आगजनी सहित प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। जवानों ने अलग-अलग आपदा परिस्थितियों में बचाव कार्य और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को बताया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखना चाहिए और सबसे पहले स्वयं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना चाहिए। इसके बाद आसपास मौजूद जरूरतमंद लोगों की सुरक्षित तरीके से सहायता करने के उपायों की जानकारी दी गई। प्राथमिक बचाव, सुरक्षित निकासी और आपदा के दौरान सावधानी बरतने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी समझाया गया।
विद्यालय के प्राचार्य कौशल किशोर ने एनडीआरएफ की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में सही निर्णय लेने के लिए तैयार करते हैं। इससे उनमें जागरूकता, आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षक सुनील कुमार पाठक, राजेश रोशन, राहुल झा, नीतीश झा तथा शिक्षिकाएं दीपा झा, पूजा झा और भगवती सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मी मौजूद रहे। सभी ने प्रशिक्षण में भाग लेकर आपदा प्रबंधन और बचाव से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की ओर से एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में सतर्क रहने, स्वयं को सुरक्षित रखने और आवश्यकता पड़ने पर दूसरों की सहायता करने का संदेश दिया गया।
















