


नवगछिया । श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक 10वीं सीनियर राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में बिहार के 60 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें भागलपुर के तीन खिलाड़ियों का चयन अंडर-25 आयु वर्ग के व्यक्तिगत टीम सिंगल सोटी स्पर्धा के लिए किया गया है।
भागलपुर से चयनित खिलाड़ियों में प्रेम प्रकाश सिंह, शिवम कुमार और शुभम कुमार शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन होने से जिले के खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह है।

गतका एसोसिएशन ऑफ भागलपुर के सचिव अमन कुमार ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भागलपुर के तीन खिलाड़ियों का बिहार का प्रतिनिधित्व करना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
वहीं, गतका एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव भोला कुमार थापा ने भी बिहार के सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भागलपुर के प्रेम प्रकाश सिंह, शिवम कुमार और शुभम कुमार के चयन पर खुशी जताते हुए उनके सफल प्रदर्शन की कामना की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बिहार के खिलाड़ियों की भागीदारी से राज्य में गतका खेल को पहचान मिल रही है। श्रीनगर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
















