


नवगछिया। पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देशन में शनिवार को पुलिस जिला नवगछिया के सभी थाना क्षेत्रों में शस्त्र धारकों के लाइसेंसी हथियारों के सत्यापन का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शस्त्र धारकों के लाइसेंसी शस्त्रों के साथ-साथ संबंधित वैध दस्तावेजों की जांच की।

सत्यापन के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने लाइसेंसी हथियारों की स्थिति और उनके सुरक्षित रख-रखाव की भी जानकारी ली। शस्त्र धारकों से लाइसेंस एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कर उनके अभिलेखों का भी सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने शस्त्र धारकों को निर्देश दिया कि लाइसेंसी हथियारों को निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित स्थान पर रखा जाए और शस्त्र से संबंधित सभी दस्तावेजों को अद्यतन रखा जाए। साथ ही हथियारों के उपयोग और रख-रखाव में निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य लाइसेंसी शस्त्रों, उनके धारकों और संबंधित अभिलेखों की स्थिति की जांच करना तथा शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव को सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शस्त्रों के संबंध में निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
















