


दुर्गा पूजा को लेकर ग्रीन पूर्णिया का धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, दुर्गाबाड़ी और ठाकुरबाड़ी परिसर की हुई सफाई
पूर्णिया। आगामी शारदीय दुर्गा पूजा को देखते हुए ग्रीन पूर्णिया संस्था की ओर से शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। लायंस क्लब दुर्गा मंदिर और मधुबनी दुर्गा मंदिर के बाद रविवार को संस्था के सदस्यों ने दुर्गाबाड़ी स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर और ठाकुरबाड़ी परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्र और आने-जाने वाले रास्तों की सफाई की गई। संस्था के सदस्यों ने झाड़ू और अन्य सफाई उपकरणों के माध्यम से परिसर की सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार किया।

अभियान का नेतृत्व ग्रीन पूर्णिया के संस्थापक अध्यक्ष सह भाजपा नेता डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने किया। इस दौरान उन्होंने आम लोगों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का काम या अभियान नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली और दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। जहां स्वच्छता होती है, वहां सकारात्मक और पवित्र वातावरण का निर्माण होता है। दुर्गा पूजा भक्ति, शक्ति और पवित्रता का पर्व है। ऐसे में पूजा पंडालों और मंदिर परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज करने की अपील

डॉ. गुप्ता ने लोगों से पूजा के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल जैसी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्रियों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि देवी दुर्गा की आराधना के साथ प्रकृति की रक्षा का संकल्प भी जरूरी है। आसपास स्वच्छता बनाए रखना और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना भी समाज और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
स्वच्छता अभियान में ग्रीन पूर्णिया के दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की। संस्था की ओर से बताया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी स्वच्छता अभियान जारी रखा जाएगा।
अभियान में डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, पिंकी गुप्ता, नीलम अग्रवाल, अजय कांत झा, प्रो. प्रदीप अग्रवाल, आलोक लोहिया, प्रदीप अग्रवाल, प्रमोद जायसवाल, संजय सिंह, संजीव मिश्रा, संजय कुमार, भूपेंद्र यादव, गौतम कुमार, दीपक कुमार गुप्ता, सरोज अग्रवाल, अमिता गुप्ता, नीलू गुप्ता, सक्षम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
















