5
(1)

बिहार महिला टीम ने प्रतियोगिता में हासिल किया सातवां स्थान

पूर्णिया। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित 72वीं सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में बिहार की महिला टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सातवां स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली वैशाली की वंदना कुमारी को उनके उत्कृष्ट खेल के लिए चैंपियनशिप का ‘सर्वश्रेष्ठ उभरती खिलाड़ी पुरस्कार’ प्रदान किया गया।

बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में बिहार महिला टीम की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। टीम ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में सातवां स्थान प्राप्त किया। इसी दौरान वंदना कुमारी ने अपने खेल से प्रभावित करते हुए आयोजकों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें प्रतियोगिता की उभरती हुई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शामिल करते हुए पुरस्कार प्रदान किया गया।

वंदना कुमारी को मिले इस सम्मान पर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई। संघ के अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव, उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता, मिथिलेश कुमार मंडल, डॉ. सुनील कुमार सिंह, सुजय सौरभ, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा एवं राकेश रंजन, निदेशक पवन केजरीवाल, संयोजक डॉ. अरुण दयाल, प्रबंधक डॉ. रजनी गंधा और वैशाली जिला सचिव रवि रंजन कुमार ने वंदना को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम के प्रशिक्षक गौरी शंकर, दक्षिण एशियाई बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता दीपक प्रकाश रंजन और बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने भी वंदना कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में वंदना का प्रदर्शन और उन्हें मिला सम्मान बिहार के लिए उत्साहजनक है। ऐसे प्रदर्शन से राज्य के युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: