


नवगछिया। नवगछिया आदर्श थाना क्षेत्र के राजेंद्र कॉलोनी से 40 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक की मां पुतुल देवी, पति धीरेन्द्र शर्मा ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर पुलिस से अपने पुत्र की तलाश करने की गुहार लगाई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, 11 सितंबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे पुतुल देवी का पुत्र टिंकू शर्मा (40 वर्ष) घर से टहलने के लिए निकला था। इसके बाद वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। युवक के घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने अपने स्तर से आसपास के क्षेत्रों तथा संभावित स्थानों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

मां ने पुलिस को बताया है कि उनका पुत्र मानसिक रूप से कमजोर है और उसे अपने घर तथा पते की पूरी जानकारी नहीं है। ऐसे में परिजनों ने उसके रास्ता भटक जाने की आशंका जताई है।
परिजनों ने युवक की कई दिनों तक अपने स्तर से तलाश की। जब उसका कोई पता नहीं चला तो 16 सितंबर 2026 को नवगछिया थाना में आवेदन देकर पुलिस से मामले में खोजबीन करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।
परिजनों ने पुलिस से अपील की है कि लापता युवक की तलाश कर उसे जल्द से जल्द परिवार तक पहुंचाने में मदद की जाए। पुलिस द्वारा युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
















