
विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के बीच बढ़ी यात्रियों की आवाजाही, घाट पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल और आपदा मित्र तैनात
नवगछिया । विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत को लेकर बेली ब्रिज हटाए जाने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच जलमार्ग से आवागमन बढ़ गया है। इसी के साथ तिनटंगा करारी से कहलगांव के बीच भी जलमार्ग यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग बन गया है। यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए तिनटंगा करारी घाट पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

बताया गया कि तिनटंगा करारी घाट पर फिलहाल दो फेरी जहाजों के माध्यम से यात्रियों का परिचालन किया जा रहा है। विक्रमशिला सेतु के समीप जाह्नवी चौक से भागलपुर के बियाडा क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा कारणों से मोटरसाइकिल का परिचालन बंद किए जाने के बाद तिनटंगा करारी-कहलगांव जलमार्ग पर यात्रियों का दबाव और बढ़ गया है।
घाट पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस बल और आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। जहाज से उतरने और चढ़ने के दौरान यात्रियों को सुरक्षित तरीके से घाट तक पहुंचाने में पुलिसकर्मी और आपदा मित्र सहयोग कर रहे हैं।
यात्रियों के लिए शौचालय, पेयजल और टेंट की व्यवस्था

प्रशासन की ओर से घाट पर यात्रियों के लिए शौचालय, पेयजल, टेंट और पंखे की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए दंडाधिकारी आयुष तिवारी और मनोज आर्या के साथ पुलिस बल एवं आपदा मित्र तैनात हैं। प्रशासन की ओर से यात्रियों को सुरक्षित जलयात्रा के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।
निर्धारित समय के बाद बंद रहेगा जलमार्ग
गोपालपुर अंचलाधिकारी रोशन कुमार ने बताया कि शाम में निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद जलमार्ग से जहाजों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर ही घाट पर पहुंचकर यात्रा करें।
अंचलाधिकारी ने यात्रियों से जलमार्ग से यात्रा के दौरान अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी को निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।















