
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के बाद जान लेने और शव लटकाने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव कमरे में लटका मिला। मृतका की पहचान आशीष कुमार की पत्नी मधु कुमारी (23) के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक जांच की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मधु के मायके मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर पौड़ा टोला से उनकी मां प्रतिमा देवी, भाई, भाभी सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि मधु को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि दो-तीन दिन पहले राशन कार्ड बनवाने के लिए मधु को मायके बुलाया गया था, लेकिन उसकी सास ने उसे मायके आने नहीं दिया।
मां ने यह भी आरोप लगाया कि मधु का पति आशीष कुमार नशे की गिरफ्त में रहता था। मायके वालों ने आशंका जताई कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मधु की जान ले ली और घटना को अलग रूप देने के लिए लटका दिया।

हालांकि, पुलिस ने अभी घटना को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मधु की मौत के बाद उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोगों के घर से चले जाने की भी बात सामने आई है।
गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।















