
पहुंच पथ पर पानी के कारण यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, प्रशासन ने उपलब्ध कराया ट्रैक्टर
नवगछिया । गंगा के जलस्तर में सोमवार को कुछ कमी आने से यात्रियों को थोड़ी राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन जहान्वी चौक से जहाज घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की स्थिति अब भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के कारण नवगछिया और भागलपुर के बीच जलमार्ग से आवागमन बढ़ गया है। ऐसे में जहाज घाट तक पहुंचने के रास्ते में पानी जमा होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पिछले दिनों गंगा के जलस्तर में वृद्धि के बाद जहान्वी चौक से जहाज घाट तक पहुंच पथ पर पानी आ गया था। इसके कारण यात्रियों को पैदल पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा था। सोमवार को जलस्तर में कुछ कमी आने के बावजूद रास्ते की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने जहान्वी चौक से जहाज घाट तक आवागमन के लिए ट्रैक्टर की व्यवस्था की है। इसके बावजूद कई लोग पगडंडी के रास्ते पानी के बीच से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचने को मजबूर हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
ट्रैक्टर से पैसे वसूली की शिकायत पर कार्रवाई

घाट पर दंडाधिकारी सुधीर कुमार विधि-व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों से सरकारी व्यवस्था के तहत चल रहे ट्रैक्टर के नाम पर पैसे वसूले जाने की शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
दंडाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कुछ अनधिकृत ट्रैक्टर संचालकों द्वारा यात्रियों से पैसे लेने की शिकायत मिली है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धूप में बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी
सोमवार को कड़ी धूप के बीच पानी से होकर घाट तक पहुंचना यात्रियों के लिए काफी कठिन रहा। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को रास्ते में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने पहुंच पथ को जल्द से जल्द सुगम बनाने की मांग की है।
इधर, जलमार्ग पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण कार्गो जहाज पर भी भीड़ देखी गई। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के चलते बड़ी संख्या में लोग जलमार्ग का सहारा ले रहे हैं, जिससे घाट और जहाजों पर यात्रियों का दबाव बना हुआ है। प्रशासन की ओर से यात्रियों को सुरक्षित तरीके से आवागमन करने की सलाह दी जा रही है।















