
@ कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि तथा बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचन्द्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एडवांसमेंट्स फॉर नेक्स्ट जेनरेशन एग्रीकल्चर (ANGA-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में देशभर के कृषि शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, कुलपतियों एवं कृषि विशेषज्ञों ने भाग लेकर भारतीय कृषि के भविष्य, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और किसान समृद्धि पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि तथा बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचन्द्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. यसपाल मलिक सहित देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति, वरिष्ठ वैज्ञानिक, शिक्षाविद् एवं कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर IAUA के स्वर्ण जयंती स्मारक का अनावरण किया गया। इसके साथ ही स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन, ASSSIST परियोजना का शुभारंभ तथा महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान देश के छह उत्कृष्ट शोधार्थियों को IAUA-2025 बेस्ट पीएचडी थीसिस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर IAUA के अध्यक्ष एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में कृषि विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने अनुसंधान, कृषि शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्र में विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों, आधुनिक शोध और नवाचार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों को किसानों की जरूरतों के अनुरूप शोध एवं तकनीकी विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि कृषि को अधिक उत्पादक, लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सके।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों तथा 250 से अधिक विशेषज्ञों की सहभागिता हो रही है। सम्मेलन के दौरान आधुनिक कृषि तकनीक, अगली पीढ़ी की कृषि प्रणाली, अनुसंधान एवं विकास, कृषि शिक्षा, स्टार्टअप, तकनीकी नवाचार और किसानों की आर्थिक समृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन का समापन ‘सबौर घोषणा-पत्र (Sabour Declaration)’ के साथ होगा। इस घोषणा-पत्र के माध्यम से भविष्य की कृषि विकास रणनीतियों, कृषि अनुसंधान, नवाचार एवं किसान कल्याण को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश सामने आने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन भारतीय कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आपसी सहयोग को नई मजबूती देने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को कृषि क्षेत्र के माध्यम से साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।















