
@ पारेषण से लेकर नवीकरणीय ऊर्जा और उपभोक्ता सुविधाओं तक कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा, ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने रखा बिहार का पक्ष।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। देश की ऊर्जा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने और विद्युत क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान तलाशने के उद्देश्य से नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन (Power Ministers’ Conference 2026) में बिहार की सक्रिय भागीदारी रही। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय की ओर से 27 एवं 28 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल भी शामिल हुए।
देश के विभिन्न राज्यों के ऊर्जा मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस सम्मेलन में बिजली क्षेत्र के वर्तमान परिदृश्य, विकास की संभावनाओं और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
बिजली व्यवस्था को भविष्य के लिए तैयार करने पर जोर

सम्मेलन में विद्युत पारेषण व्यवस्था को मजबूत बनाने, स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने और केंद्र तथा राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे विषय प्रमुखता से उठे। इसके साथ ही विद्युत वितरण कंपनियों (DISCOMs) की कार्यक्षमता और वित्तीय स्थिति में सुधार तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और किफायती बिजली उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
बिहार की प्राथमिकता : हर घर तक बेहतर बिजली
सम्मेलन के दौरान ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने बिहार की विद्युत व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता के साथ राज्य का पक्ष रखा। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने और राज्य के प्रत्येक घर तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के संकल्प को भी रेखांकित किया।
बिहार के लिए ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता केवल बिजली उत्पादन और आपूर्ति तक सीमित नहीं, बल्कि आधुनिक आधारभूत संरचना, मजबूत वितरण व्यवस्था और उपभोक्ता सुविधाओं के विस्तार से भी जुड़ी है।
ऊर्जा में आत्मनिर्भरता, विकास की नई राह
नई ऊर्जा जरूरतों, तकनीकी बदलावों और स्वच्छ ऊर्जा के बढ़ते महत्व के बीच इस सम्मेलन में हुई चर्चा राज्यों के लिए भविष्य की रणनीति तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रही।
बिहार का संकल्प है कि ऊर्जा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और नवीकरणीय ऊर्जा की संभावनाओं के माध्यम से राज्य की विद्युत व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जाए, ताकि विकास की रोशनी प्रदेश के हर घर तक पहुंचे।















