0
(0)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। किसानों की आय में वृद्धि करने तथा कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय में आत्मा, भागलपुर के तत्वावधान में मखाना आधारित समेकित खेती विषय पर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भागलपुर जिले के 36 किसानों एवं दो ब्लॉक टेक्निकल मैनेजर (बीटीएम) ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के डीन डॉ. कुंदन किशोर, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुधीर दास, डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. टी.पी. महतो, डॉ. के. प्रसाद, डॉ. आर.के. प्रसाद एवं डॉ. आर.के. झा ने किसानों को वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक खेती की जानकारी दी।





मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के विशेषज्ञों ने मखाना की वैज्ञानिक खेती, उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन तथा मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, डॉ. हेमंत कुमार ने हरी साग-सब्जियों, फलदार पौधों, बागवानी एवं वानिकी से संबंधित तकनीकी जानकारियां साझा कीं।

विशेषज्ञों ने बताया कि मखाना की खेती के साथ साग-सब्जी, फलदार पौधों एवं वानिकी को जोड़कर समेकित कृषि प्रणाली अपनाने से किसानों के लिए आमदनी के कई स्रोत विकसित हो सकते हैं। इससे खेती में जोखिम कम करने के साथ उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग भी संभव है।

प्रशिक्षण के साथ किसानों एवं विद्यार्थियों को कराया गया योगाभ्यास

कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए योग प्रशिक्षण का भी आयोजन किया गया। बीटीएम परमेश्वर सिंह, कुमार गौतम एवं योग प्रशिक्षक अवधेश कुमार ने योगाभ्यास कराया। इसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ प्रशिक्षण में शामिल किसानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाना था। चार दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक खेती की नई तकनीकों की जानकारी मिली, जिससे वे इन तकनीकों को अपने खेतों में अपनाकर कृषि उत्पादन एवं आय बढ़ाने की दिशा में कदम उठा सकेंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: